ईरान-इजराइल युद्ध समाप्ति के लिए जैन आचार्य लोकेश नाकोड़ा तीर्थ में करेंगे प्रार्थना

0

जयपुर। अहिंसा विश्व भारती एवं विश्व शांति केंद्र के संस्थापक जैन आचार्य लोकेश ईरान-इजराइल युद्ध समाप्ति के लिए शुक्रवार को राजस्थान के बालोतरा में स्थित नाकोड़ा तीर्थ में प्रार्थना करेंगे।

आचार्य लोकेश जोधपुर, पचपदरा और बालोतरा के प्रवास पर शुक्रवार को दिल्ली से रवाना होकर जोधपुर पहुंचेंगे जहां उनका हवाई अड्डे पर विभिन्न संगठनों द्वारा स्वागत किया जाएगा। वह हवाई अड्डे से सीधे श्री नाकोड़ा तीर्थ के लिए प्रस्थान करेंगे जहां पर वो युद्ध समाप्ति के लिए प्रार्थना करेंगे।

प्रार्थना में उनके साथ तखतगढ़ पीठाधीश्वर युवाचार्य अभदास महाराज, आरोग्यपीठ दिल्ली के संस्थापक आचार्य राम गोपाल दीक्षित, रिलीजन वर्ल्ड के संस्थापक श्रीवास्तव भी विश्व में शांति, सद्भावना, अमन, चैन के लिए प्रार्थना करेंगे। वह अपने पैतृक जन्मस्थान पचपदरा भी जाएंगे जहां लोगों संवाद करेंगे।

आचार्य लोकेश ने इस प्रार्थना से पहले विश्व शांति केंद्र में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है। अहिंसा एवं शांति आधारित वार्ता के द्वारा, संवाद के द्वारा हर समस्या का समाधान संभव है।