संभागीय आयुक्त ने किया कलेक्ट्रेट एवं केन्द्रीय कारागृह का निरीक्षण

0

अजमेर। संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट एवं केन्द्रीय कारागृह कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई और पुरानी फाइलों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पुरानी फाइलों का शीघ्र निपटारा किया जाए और अनुपयोगी सामग्री को नियमानुसार हटाया जाए।

आरटीआई के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से अनुभागों का निरीक्षण करने और फाइलों के औसत निपटारे के समय में कमी लाने के लिए निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सामान्य अनुभाग में फाइलों को व्यवस्थित करने और अनुपयोगी सामान के निपटारे की हिदायत दी।

केन्द्रीय कारागृह अजमेर की सुधारात्मक गतिविधियों और नवाचारों का जायजा लेने के लिए गुरूवार को संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने कारागृह का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत में जेल प्रहरियों द्वारा संभागीय आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बंदी बैंड की गूंजती धुनों ने परिसर में उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान राठौड़ ने कारागृह के भीतर संचालित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने उद्योगशाला में बन रहे उच्च गुणवत्ता वाले कारपेट, साबुन निर्माण इकाई और कौशल विकास (आईटीआई) केंद्रों को देखा। उन्होंने कहा कि बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ये प्रयास सराहनीय हैं।

संभागीय आयुक्त ने बंदी भोजनशाला में स्वच्छता और पोषण का स्तर जांचा। इसके बाद उन्होंने जेल चिकित्सालय, विशेष मनोरोगी वार्ड और लाचार बंदी वार्ड का दौरा कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम की आधुनिक व्यवस्थाओं को भी परखा।

कारागृह में बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए चल रहे संगीत प्रशिक्षण और डांस क्लास को देख आयुक्त अभिभूत नजर आए। जेल ऑर्केस्ट्रा की मधुर प्रस्तुतियों और जेल वाणी (जेल रेडियो) के माध्यम से बंदियों के मनोरंजन व सूचना के अभिनव प्रयोग की उन्होंने विशेष सराहना की।