अजमेर अग्रवाल समाज जनगणना अभियान की समीक्षा, अब तक मिले एक हजार रजिस्ट्रेशन

0

अजमेर। सकल अग्रवाल समाज अजमेर की ओर से संचालित ‘अजमेर अग्रवाल समाज जनगणना-2026’ के तहत अग्रमित्र जनगणना अभियान को गति देने के लिए शनिवार को जनकपुरी, गंज में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की अब तक की प्रगति की समीक्षा के साथ अधिकाधिक अग्रवाल परिवारों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और जनगणना का काम निर्धारित समय में पूरा करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

अभियान संयोजक अशोक पंसारी ने बताया कि सितंबर माह में शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब तक करीब एक हजार रजिस्ट्रेशन प्राप्त हो चुके हैं। अग्रमित्र एप और वैवाहिक पोर्टल पर लगभग 200 अविवाहित युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि बिजनेस पोर्टल पर 100 से अधिक व्यावसायिक प्रोफाइल तैयार की जा चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार करने के लिए प्रत्येक परिवार की भागीदारी जरूरी है। समाज के सभी परिवारों को अपनी जानकारी दर्ज कराकर इस अभियान से जुड़ना चाहिए। जनगणना के माध्यम से समाज की उपलब्ध जानकारी को व्यवस्थित रूप में संकलित करने के साथ सामूहिक जरूरतों और संभावनाओं को समझने में भी मदद मिलेगी।

एक एप पर मिलेंगी कई सुविधाएं

अभियान के सहसंयोजक अनुपम गोयल ने बताया कि अग्रमित्र अभियान गूगल प्ले स्टोर पर O2bharat एप के माध्यम से उपलब्ध है। इसमें समाज की जनगणना के साथ वैवाहिक परिचय, बिजनेस नेटवर्किंग, जॉब, कम्युनिटी और इवेंट जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। इसका उद्देश्य एक ही एप पर पंजीकरण के माध्यम से समाज के लोगों को विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

सहसंयोजक भारतेश मंगल ने बताया कि समीक्षा बैठक में समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों को आमंत्रित किया गया, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान का प्रचार-प्रसार कर अधिक परिवारों को जोड़ सकें। अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए समाज के युवाओं को अग्रमित्र वॉलंटियर के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये वॉलंटियर परिवारों को पंजीकरण प्रक्रिया समझाने और अभियान की पहुंच बढ़ाने में सहयोग करेंगे।

पांच सामाजिक संस्थाओं का मिल रहा सहयोग

अग्रमित्र जनगणना अभियान में अग्रवाल समाज अजमेर, अग्रवाल पाठशाला अजमेर, श्री अग्रोहा बंधु पश्चिम क्षेत्र संस्था अजमेर, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन अजमेर और श्री अग्रवाल सेवा संस्था अजमेर का सहयोग मिल रहा है। अभियान से जुड़ी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से समाज के अधिकाधिक परिवारों तक पहुंच बनाने की योजना है।

बैठक में अशोक पंसारी, प्रवीण अग्रवाल, शैलेंद्र अग्रवाल, अनुपम गोयल, राजेंद्र प्रसाद मित्तल, अजय अग्रवाल, अजयपाल चौधरी, अनिल बाड़मेरी, राजेंद्र अग्रवाल, भारतेश मंगल, अमित गोयल, विनय गुप्ता, प्रदीप बंसल, राजकुमार गर्ग, अशोक गोयल, सावन अग्रवाल और सुरेश गोयल सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे। बैठक में अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने और डिजिटल माध्यम से समाज की जानकारी एकत्रित करने के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।