चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ के सदर थाना क्षेत्र में चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर ‘राजा-महाराजा काल का जमीन में दबा खजाना’ ढूंढ़ने का लालच देकर ग्रामीणों को ठगने वाले गिरोह के चार कथित तांत्रिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि मध्यप्रदेश के मंदसौर क्षेत्र से आए कुछ लोग खुद को तांत्रिक बताकर चित्तौड़गढ़ शहर एवं आसपास के गांवों में घूम रहे हैं। ये लोग ग्रामीणों को बताते थे कि किले के आसपास पुराने मंदिरों, छतरियों और सुनसान जगहों पर राजा-महाराजाओं के समय का खजाना जमीन में दबा हुआ है और उनके पास ऐसी ‘विशेष मशीन एवं तांत्रिक विद्या’ है, जिससे वे उसे खोज सकते हैं।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल ने कार्रवाई करते हुए कोटा रोड स्थित किले के पीछे ओछड़ी पुलिया के पास दबिश देकर गोपाल सोनी, सलीम अहमद, मुकेश नाथ बावजी औरव हीरालाल मीणा को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से कथित मेटल डिटेक्टर मशीन भी बरामद की है। आरोपी मेटल डिटेक्टर मशीन लेकर किले के आसपास सुनसान जगहों पर सोना खोजने का नाटक करते थे और भोले-भाले ग्रामीणों को खजाना मिलने का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठने की फिराक में थे।



