अजमेर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री एवं अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने राजस्थान के जयपुर और अजमेर जिलों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के जयपुर–किशनगढ़ (89.785 किमी) खंड के 6-लेन चौड़ा करने को स्वीकृति मिलने पर इसे अजमेर संसदीय क्षेत्र सहित पूरे राज्य के लिए बड़ी सौगात बताया है।
चौधरी ने शनिवार को यहां बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत फ्लाईओवर और दोनों ओर सर्विस रोड सहित 6-लेन उन्नयन कार्य लगभग 910.90 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इस कॉरिडोर को आंशिक रूप से एक्सेस कंट्रोल्ड राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे वाहनों की औसत गति बढ़ेगी और जयपुर से किशनगढ़ तक का यात्रा समय मौजूदा लगभग 2 घंटे से घटकर करीब एक घंटे रह जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय यातायात को अलग करने के लिए सर्विस रोड और फ्लाईओवर बनाये जाएंगे, जिससे सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही इस खंड पर मौजूद टकराव बिंदुओं को भी समाप्त किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं और जनहानि में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र, जो अजमेर संसदीय क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उनका गृह क्षेत्र भी है, लंबे समय से इस सड़क के उन्नयन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस विषय को लेकर उन्होंने पूर्व में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर तथा पत्र लिखकर इस परियोजना की आवश्यकता से अवगत कराया था और शीघ्र स्वीकृति की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति से अजमेर संसदीय क्षेत्र के लोगों, विशेष रूप से किशनगढ़ क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, किसानों और यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।



