भीलवाड़ा में ब्रांडेड कपड़ों की आड़ में नकली माल खपाने वाली गिरोह का भंडाफोड़

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना में क्षेत्र में ब्रांडेड कपड़ों की आड़ में नकली माल खपाने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रीको क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मारकर नामी ब्रांड ‘रेमंड’ के नाम से तैयार किया जा रहा भारी मात्रा में नकली सेलवेज कपड़ा बरामद किया है।

पुलिस सू्त्रों ने शनिवार को बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि रीको थर्ड फेज स्थित लबाना शूटिंग फैक्ट्री में प्रतिष्ठित ब्रांड की नकल करके अवैध कारोबार किया जा रहा है। रेमंड कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों, सलीम खान और संदीप परब ने जब इस फर्जीवाड़े की पुख्ता जानकारी पुलिस को दी, तो वृत्त अधिकारी सज्जन सिंह के नेतृत्व में पुलिस जाब्ते ने फैक्ट्री की घेराबंदी करके दबिश दी।

छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के अंदर से पुलिस ने पांच हजार मीटर से अधिक नकली सेलवेज कपड़ा जब्त किया है। कपड़े की किनारी (सेलवेज) पर अवैध रूप से ‘रेमंड’ ब्रांड की ब्रांडिंग की जा रही थी। पुलिस अब फैक्ट्री के रिकॉर्ड खंगाल कर पता लगा रही है कि यह नकली माल किन-किन शहरों और व्यापारियों को आपूर्ति किया जा चुका है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह न केवल कॉपीराइट का उल्लंघन है, बल्कि ब्रांडेड गुणवत्ता के नाम पर आम उपभोक्ताओं के साथ बड़ी धोखाधड़ी है। फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और इस गिरोह के अन्य गुर्गों की तलाश की जा रही है।