अलवर : छप्पर में आग लगने से घरेलू सामान जलकर नष्ट

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में रविवार को अचानक आग लगने से एक छप्पर में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया और एक बकरी की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार परबैणी गांव में सुबह बिशन्त्ता बैरवा के छप्पर में आग लग गई, जिससे वहां रखा सामान जल गया। ग्रामीणों ने मशक्कत करके आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाल ही में बिजली निगम के ठेका कर्मी गांव में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रहे थे। पीडित के घर पर स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर रैणी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर पीड़ित को मुआवजा दिलाने की मांग की है।

फैक्ट्री की सीढ़ी से गिरने से मजदूर की मौत

अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में धोली धूप के पास स्थित एक फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनहेरी जाट (40) निवासी आगरा के रूप में हुई है, जो यहां रहकर मजदूरी का काम करता था।

फैक्ट्री के मालिक सचिन कुमार ने रविवार को पुलिस को बताया कि सुनहेरी शराब का आदी था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात को उसने शराब पी रखी थी और फैक्ट्री परिसर में टहलने के लिए निकल गया। इसी दौरान वह एक अस्थायी सीढ़ी पर चढ़ गया, जहां से गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूत्रों ने बताया कि सुबह जब अन्य मजदूर काम पर पहुंचे तो उन्हें लगा कि सुनहेरी सो रहा है, लेकिन काफी देर तक आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद मजदूर उसे तुरंत अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

जहरीली दवा के सेवन से किसान की मौत

अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को खेत में काम कर रहे एक किसान ने विषाक्त दवा के सेवन कर लिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि बालेटा गांव में मुकेश मीणा (45) ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीली दवा का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तुरंत अलवर के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।