अजमेर। दीपावली के त्योहार से पहले अजमेर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कलक्टर लोक बंधु ने नगर निगम आयुक्त गौरव बुडानिया के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया। वहीं अतिरिक्त कलक्टर प्रवीण कुमार ने भी शहर के दूसरे क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलक्टर लोक बंधु ने कचहरी रोड से निरीक्षण की शुरुआत करते हुए कवंडसपुरा और पड़ाव स्थित कचरा डिपो की व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद केसरगंज, रामगंज, राजकीय महाविद्यालय चौराहा, डीएवी कॉलेज, सुभाष नगर, आदर्श नगर और नारीशाला रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कचरा संग्रहण, नियमित उठाव और निस्तारण के साथ नालियों तथा बड़े नालों की सफाई की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने सफाई व्यवस्था में निरंतरता बनाए रखने और कचरा डिपो पर अपशिष्ट जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि आमजन को गंदगी और अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़े।
एसटीपी में उपचारित पानी की जांच
कलक्टर लोक बंधु ने खानपुरा स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सीवेज के शोधन की प्रक्रिया और उपचारित जल के उपयोग की जानकारी ली। अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान अनुपचारित और उपचारित पानी की मौके पर जांच भी कराई गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एसटीपी से आगे केवल निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपचारित जल ही छोड़ा जाए। जल शोधन की गुणवत्ता और प्रक्रिया पर नियमित निगरानी रखने की आवश्यकता भी जताई।
एडीएम ने भी कई इलाकों में देखी व्यवस्थाएं
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रवीण कुमार ने जिला प्रशासन के विशेष निरीक्षण अभियान के तहत बस स्टैंड, कुंदन नगर, सीआरपीएफ क्षेत्र, राजा साइकिल चौराहा, श्रीनगर रोड, मृदंग टॉकीज, मार्टिनल ब्रिज, जैन नमकीन क्षेत्र, क्लॉक टावर थाना, मदार गेट, गांधी भवन, चूड़ी बाजार, नया बाजार, आगरा गेट, सब्जी मंडी और जयपुर रोड सहित विभिन्न स्थानों का दौरा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में कमियां मिलने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अनुसार दीपावली के दौरान शहर के साथ पूरे जिले में सफाई और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा विभिन्न सड़कों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त हिस्सों पर पेचवर्क का काम भी दीपावली से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता, रोशनी तथा सुचारु आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।



