अजमेर/हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ में श्रंखलाबद्ध बम धमाकों की साजिश के आरोपी अली अकबर को सुरक्षा एजेंसियों ने अजमेर के देहली गेट स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है।
सूत्रों ने रविवार को बताया कि पेशे से ऑटो ड्राइवर अली अकबर आठ मार्च को अजमेर से अपने परिजनों को जयपुर जाने की बात कह कर निकला था, लेकिन उसके बाद इसने फोन से कोई संपर्क नहीं रखा। पुलिस के मुताबिक आरोपी अली अकबर हनुमानगढ़ में सीरियल बम ब्लास्ट की साजिश रचने और आतंकी वारदात को अंजाम देने वाला था। साजिश के तहत मौके पर आरडीएक्स नहीं पहुंच पाया वरना बड़ी जनहानि होती।
सूत्रों ने बताया कि अली अकबर पिछले तीन वर्षों से अजमेर में स्टेशन से दरगाह तक ऑटो चलाता है। फिलहाल पुलिस सहित तमाम सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से देख रही हैं। अली अकबर से पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान ही दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार किया है। जांच में जुटे दल हर बिंदु पर गहनता से पूछताछ कर रहे हैं।
वहीं मामले का खुलासा होने के बाद अली अकबर के परिजनों ने बताया की उन्हें भी पुलिस ने घर पर दी दबिश के दौरान सुबह ही मामले की जानकारी दी है। घटना के खुलासे के बाद परिजनों ने कहा कि वह मर जाता तो ज्यादा बेहतर होता।



