त्रिशला माता के सोलह सपने दर्शा कर गर्भ कल्याणक का मंचन

0

अजमेर। श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला एवं युवामहिला संभाग अजमेर की ऊर्जावान सदस्य हीरामणि जैन के संयोजन में अजमेर के प्राचीन महापुत जिनालय में घर घर मंगलाचार कार्यक्रम के आयोजन में त्रिशला माता के सोलह सपने जिसमें हाथी, बेल, सिंह, लक्ष्मी, माला, चंद्रमा, सूर्य, कलश, मछलियां, सरोवर, समुद्र, सिंहासन, विमान, नागभवन, रत्नों का ढेर, निर्धूम अग्नि को भक्ति के साथ दिखाते हुए गर्भ कल्याणक मनाया गया।

राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी ने बताया कि समिति संरक्षक निर्मला पांड्या ने सोलह सपनों का प्रतिफल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। युवा महिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैंसा ने बताया कि तीर्थंकर की माता त्रिशला की भूमिका हीना काला एवं पिता सिद्धार्थ की भूमिका मोहित काला ने निभाई।

इस अवसर पर समिति सदस्याओं द्वारा ब्रह्मचारी प्रशांत भईया जोकि आगामी समय में मुनि दीक्षा लेने जा रहे है कि गोद भराई की गई। युवामहिला संभाग मंत्री रिंकू कासलीवाल ने बताया कि इससे पूर्व शोभायात्रा निकाली गई। नमोकार मंत्र का जाप, भक्तामर पाठ एवं भक्ति करते हुए भजन गाए। धार्मिक कार्यक्रम के अवसर पर समाजश्रेष्ठी प्रतिभा सोनी सहित समिति की बड़ी संख्या में सदस्याएं मौजूद रहीं।