हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में मेगा हाईवे पर मंगलवार सुबह बस और ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य यात्री घायल हो गए।
पुलिस सू्त्रों ने बताया कि निजी बस श्रीगंगानगर से जयपुर के लिए सुबह पांच बजे रवाना हुई थी। यह बस हनुमानगढ़ में बरमसर के पास एक वाहन से आगे निकलने के प्रयास में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
इससे बस में सवार अजय बंसल और उनके पिता श्यामलाल, बस चालक हरिराम और अलका सोलंकी पत्नी रविशंकर सोलंकी और एक अन्य पुरुष की मौत हो गयी जबकि सुमन (38), महेंद्र सोनी (39) आदित्य (17), अरविंद (38), रिचू नागपाल (40), धर्मेंद्र कुमार, दक्ष और बस परिचालक जयवीर (22) घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि धर्मेंद्र, दक्ष और जयवीर को रावतसर के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।



