अलवर। राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को तीन युवकों द्वारा एक युवती से पर्स छीनने के प्रयास को वहां मौजूद लोगों ने विफल कर दिया और एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गजल रेस्टोरेंट के पास रात करीब आठ बजे स्कूटी पर सवार एक युवती मोबाइल पर बात कर रही थी तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उसका बैग छीनकर भागने लगे। इस पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया तो वे मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए।
युवती उनके पीछे दौड़ी तो युवक उसका बैग फेंककर फरार हो गए। सूत्रों ने बताया कि बाद में युवक अपनी मोटरसाइकिल लेने आए तो वहां मौजूद लोगों ने एक युवक को दबोच लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
अवैध खनन में प्रयुक्त छह ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त
अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने अवैध खनन करते छह ट्रैक्टर ट्रॉलियां जब्त किया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि शाम को पुलिस दल ने जिला विशेष दल (डीएसटी) के साथ मिलकर घेघोली गांव के पहाड़ क्षेत्र में अचानक दबिश देकर अवैध खनन में प्रयुक्त छह ट्रैक्टर ट्रॉलियां जब्त किया। पुलिस को देखकर अवैध खनन में लिप्त आरोपी मौके से फरार हो गये। इसके बाद यहां हड़कंप मच गया। सूत्रों ने बताया कि अवैध खनन के चलते यहां की छोटी-छोटी पहाड़ियां पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। यह इलाका उद्योग नगर थाने के बिल्कुल समीप है, उसके बावजूद यहां अवैध खनन का कारोबार बेरोक टोक चल रहा है।



