भीलवाड़ा। वस्त्रनगरी की धार्मिक सरजमीं पर आस्था, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में आयोजित सनातन मंगल महोत्सव के अंतर्गत एकत्रित भेंट राशि गौसेवा के पावन कार्य हेतु समर्पित की गई।
19 फरवरी से 26 फरवरी तक चले इस भव्य दीक्षा कार्यक्रम में भागवत कथा और यज्ञशाला में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित भेंट पात्रों से जुटी राशि 2 लाख 52 हजार 358 रुपए को सोमवार को मुस्कान फाउंडेशन, भीलवाड़ा को सौंपा गया।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने श्रद्धा और सेवा के इस अनूठे संगम को साकार करते हुए उक्त राशि संस्था को भेंट की। इस अवसर पर संत समाज और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी दिव्यता प्रदान की।
संत मायाराम, संत राजाराम, संत गोविन्द राम, संत केशव राम, ब्रह्मचारी मिहिर सहित चाँदमल सोमानी, सुरेश गोयल, ईश्वर आसनानी, देवीदास गेहानी, कन्नू जगत्यानी, सुरजीत सर्वा, जय गुरनानी, दीपक केशवानी, पल्लवी वच्छानी और राजा टिकयानी समेत कई श्रद्धालु मौजूद रहे।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने बताया कि सनातन मंगल महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था से संचित यह राशि गौमाता की सेवा में समर्पित की जा रही है। मुस्कान फाउंडेशन इस धनराशि का उपयोग भीलवाड़ा व आसपास के क्षेत्रों में गौसेवा, उनके लिए चारे और गर्मी में जल की पोह व्यवस्था जैसे पुनीत कार्यों में करेगा।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में गौसेवा को सर्वोपरि स्थान दिया गया है और इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा, करुणा और धर्म के प्रति जागरूकता का संदेश देते हैं। यह संपूर्ण कार्य सनातन मंगल महोत्सव समिति के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौसेवा के इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता पर गर्व व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों से जुड़े रहने का संकल्प लिया।



