अजमेर। नसीराबाद क्षेत्र के ग्राम बनेवड़ा और आसपास के इलाकों की समस्याओं को लेकर सोमवार को शिवसेना नसीराबाद एवं बनेवड़ा संघर्ष समिति ने संयुक्त रूप से अजमेर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण धरना देते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
धरने से पूर्व कार्यकर्ताओं ने शहीद दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उसके बाद क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र में रोडवेज बस सेवा शुरू करने का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया।
ज्ञापन में पांच अहम मांगों को शामिल किया गया। इनमें अजमेर से नसीराबाद होते हुए बनेवड़ा और बाघसुरी तक रोडवेज बस सेवा प्रारंभ करने, बनेवड़ा में बड़ी एसआर पेयजल टंकी का निर्माण, भैरूजी से पंचमदा सीमा तक सीसी सड़क का निर्माण, शिव मंदिर से अजबा का बाडिया तक डामर सड़क बनवाने तथा चबूतरिया रोड स्थित आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत कराने की मांग प्रमुख रही।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में धरना प्रदर्शन के माध्यम से सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया है।
धरने के दौरान शिवसेना नसीराबाद के अध्यक्ष लोकेश ने अपने साथियों के साथ कलेक्टर को संगठन के लेटरपैड पर ज्ञापन सौंपते हुए रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग दोहराई। इस मौके पर कपिल खत्री, जिला अध्यक्ष फतेह सिंह, दीपक नकवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



