अजमेर। रेल प्रशासन ने अजमेर और दौराई रेलवे स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 01 स्पेशल (सुभाष नगर फाटक) जो कि किलोमीटर 298/6 से 298/7 पर स्थित है, को आज से स्थायी रूप से बंद कर दिया।
बताया गया है कि स्थानीय जनता की सुविधा के लिए इस स्थान पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही, रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। रेलवे सुरक्षा और निर्माण कार्य की सुगमता को देखते हुए इस फाटक को बंद करना आवश्यक था।
वैकल्पिक मार्ग के अंतर्गत हल्के वाहनों और स्थानीय जनता के लिए:नवनिर्मित आर यू बी का उपयोग किया जा सकता है। भारी वाहनों के लिए जब तक आरओबी का कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक भारी वाहनों के लिए जोंस गंज फाटक के रास्ते अस्थायी मार्ग उपलब्ध है।
सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम के अंतर्गत फाटक को स्थायी रूप से बंद करने की प्रक्रिया के तहत समपार फाटक के सभी संकेत (सिग्नल) हटा दिए गए हैं। फाटक के दोनों ओर सुरक्षा हेतु खाई खोद दी गई है। दोनों ओर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं।
गाड़ियों के सुरक्षित संचालन हेतु 90 दिनों के लिए सतर्कता आदेश जारी कर दिया गया है। स्थानीय जनता और वाहन चालकों से अनुरोध है कि वे अब इस मार्ग के स्थान पर उपलब्ध कराए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।



