श्रीगंगानगर में हत्या के दोषी बाल अपचारी को उम्र कैद

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर की एक अदालत ने हत्या के एक मामले में एक बाल अपचारी को दोषी करार देते हुए सोमवार को उम्र कैद की सजा सुनाई।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविंद्रकुमार गक्खड ने बाल अपचारी को पप्पूराम (45) की हत्या करने का दोषी मानते हुए उस पर 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। इस मामले में एक अन्य दोषी महिला अभियुक्त को अदालत द्वारा पहले ही उम्र कैद की सजा सुनाई जा चुकी है।

मामले के अनुसार केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में 24 मई 2017 को की देर रात बाल अपचारी और अभियुक्त सुलोचना ने अपने पड़ोस में रहने वाले पप्पूराम की हत्या कर दी थी।

श्रीगंगानगर में परियोजना अधिकारी मृत पाए गए

श्रीगंगानगर में परियोजना अधिकारी इंजीनियर सोमवार को सुबह अपने आवास पर मृत पाया गया। पुलिस सू्त्रों ने बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में परियोजना अधिकारी महेंद्रपाल सिंह सूरतगढ़ रोड पर स्थित मॉडल टाउन कॉलोनी में किराए के एक मकान में अकेले रहते थे।

वे सुबह वह अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो एक कर्मचारी समीर ने उनको फोन किया। फोन पर जवाब नहीं मिलने पर वह कॉलेज के सामने ही मॉडल टाऊन कॉलोनी में उन्हें घर देखने चला गया।पुलिस ने बताया कि जब वह घर पहुंचा तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। महेंद्रपाल सिंह बिस्तर पर मृत मिले। उसने कॉलेज में और उनके परिजनों को इसकी जानकारी दी।

ईंट-भट्टा पर हादसा, झुलसने से मजदूर की मौत

श्रीगंगानगर जिले के जैतसर थाना क्षेत्र में एक ईंट भट्ठा पर हुई दुर्घटना में एक युवा मजदूर की झुलसने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि चक 5-जीबी ए में स्थित सावित्री क्लिन कंपनी ईंट भट्ठा पर 28 वर्षीय अर्जुन पटेल जलारा का ही काम करता था।

वह भट्टे पर ऊंची चिमनी के पास ही धुआं निकालने के लिए बनाए हुए स्थान पर रखे लोहे के ढक्कन पर 27 मार्च की रात करीब नौ बजे फिसल गया। ढक्कन हट गया और वह धुआं निकलने वाले स्थान से नीचे गिरा और बुरी तरह से झुलस गया। अर्जुन पटेल को तत्काल सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बीकानेर भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के जनवामऊ सैयद यासीनपुरका निवासी था। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

डोडा पोस्त की तस्करी करते तस्कर अरेस्ट

श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करके उससे अवैध पोस्त बरामद की है। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने सोमवार को बताया कि पुलिस दल ने सादुलशहर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान खुफिया जानकारी के आधार पर पीटीपी नहर पुलिया के पास एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसमें 30 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने कार में सवार सुखविंदरसिंह (43) निवासी तहसील जलालाबाद जिला फाजिल्का (पंजाब) को गिरफ्तार किया।