हाईकोर्ट का फर्जी आदेश तैयार करने के आरोप में अधिवक्ता विक्रम सिंह को भेजा जेल

0

विधायक पुत्र के चुनाव नामांकन से जुड़ा है मामला
दो दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने पर चिड़ावा एसीजेएम कोर्ट में पेश किया, हाईकोर्ट ने 19 नवंबर को झुंझुनूं एसपी से मांगी तथ्यात्मक रिपोर्ट
झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ में पंचायत राज चुनाव के दौरान राजस्थान हाईकोर्ट का कथित फर्जी आदेश तैयार कर चुनाव लड़ने का रास्ता बनाने के मामले में गिरफ्तार अधिवक्ता विक्रम सिंह को बुधवार को जेल भेज दिया गया। दो दिन की पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को चिड़ावा के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए।

यह मामला सूरजगढ़ से कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार के बेटे जयप्रकाश के पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव नामांकन से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश का नाम जीणी ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में शामिल नहीं होने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बीच राजस्थान हाईकोर्ट के नाम से एक कथित आदेश तैयार किया गया, जिसमें उनका नाम मतदाता सूची में बहाल करने और निर्धारित शर्तें पूरी होने पर नामांकन स्वीकार करने की बात कही गई थी।

व्हाट्सएप पर निर्वाचन अधिकारियों को भेजा गया था कथित आदेश

जांच में सामने आया कि हाईकोर्ट के कथित आदेश की प्रति व्हाट्सएप के माध्यम से निर्वाचन अधिकारियों तक पहुंचाई गई थी। हालांकि, जब आदेश की प्रमाणित प्रति मांगी गई तो संबंधित पक्ष उसे उपलब्ध नहीं करा सका। बाद में हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान इस दस्तावेज की प्रामाणिकता पर सवाल उठे।

अदालत ने अपने रिकॉर्ड से मिलान किया तो सामने आया कि संबंधित तारीख को इस तरह का कोई आदेश जारी नहीं किया गया था। इसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया और कथित दस्तावेज की जांच शुरू हुई।

एसडीएम की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

मामले में सूरजगढ़ के तत्कालीन उपखंड मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संदीप चौधरी ने 31 अक्टूबर को सूरजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पंचायत चुनाव में नामांकन का रास्ता साफ करने के उद्देश्य से हाईकोर्ट का फर्जी आदेश और संबंधित दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया गया।

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में गठित टीम ने अनुसंधान के बाद रूपपुरा तन कुलोठ खुर्द निवासी 40 वर्षीय विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया था। अब रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे जेल भेज दिया गया है।

19 नवंबर को हाईकोर्ट में होगी महत्वपूर्ण सुनवाई

इस पूरे प्रकरण में गुरुवार 19 नवंबर का दिन भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजस्थान हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए झुंझुनूं के पुलिस अधीक्षक को अदालत में उपस्थित होकर एफआईआर और पुलिस कार्रवाई के संबंध में तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी आदेश किसने तैयार किया, इसे निर्वाचन अधिकारियों तक किस माध्यम से पहुंचाया गया और इस पूरे घटनाक्रम में अन्य किन लोगों की भूमिका रही। मामले में जांच जारी है। हाईकोर्ट के कथित आदेश से जुड़े इस प्रकरण ने पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया में दस्तावेजों के सत्यापन और न्यायालयीन आदेशों की प्रमाणिकता की जांच को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।