भीलवाड़ा। श्री हरी शेवा उदासीन आश्रम सनातन मन्दिर में गुरुवार को भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के पावन सान्निध्य में आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव और परम पूज्य बाबा शेवाराम साहेब जी का मासिक प्राकट्य उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सुबह से ही आश्रम में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया। विद्वान पंडित सत्यनारायण शर्मा ने श्री हनुमान चालीसा एवं सुन्दरकाण्ड के संगीतमय पाठ किए। भक्तिरस से सराबोर इन पाठों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
पूरे मंदिर परिसर में राम राम, जय श्री राम और जय हनुमान के जयघोष गूंजते रहे। चैत्र पूर्णिमा के शुभ अवसर पर आश्रम के संस्थापक परम पूज्य बाबा शेवाराम साहेब जी का मासिक प्राकट्य उत्सव मनाया गया। इस दौरान विशेष सत्संग का आयोजन हुआ, जिसमें महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज ने बाबा साहेब के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।
धार्मिक मर्यादाओं के अनुसार हनुमान जयंती के उपलक्ष में बजरंग बली को विशेष ‘रोट’ का भोग लगाया गया। महाआरती के पश्चात आश्रम में विशाल भण्डारे का आयोजन हुआ, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने कहा कि संतों के सान्निध्य और भक्ति के मार्ग से ही जीवन में शांति और आनंद की प्राप्ति संभव है। आज का यह आयोजन हनुमान जी की शक्ति और बाबा शेवाराम साहेब के आशीर्वाद का प्रतीक है। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सनातन धर्म और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए श्रद्धालुओं को हनुमान चालीसा और श्रीरामचरितमानस ग्रंथों का वितरण किया गया। इस दौरान संत मायाराम, राजाराम, गोविंदराम, ब्रह्मचारी मिहिर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।




