विश्व स्वास्थ्य दिवस पर एमडीएसयू ने घूघरा गांव में लगाया स्वास्थ्य शिविर
अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर अपनी सामाजिक सहभागिता निभाते हुए ग्राम घूघरा में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया। विश्वविद्यालय के धन्वंतरि आरोग्य केंद्र की ओर से लगाए गए इस शिविर का मुख्य ध्येय अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना रहा।
शिविर का उद्घाटन करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने प्रसिद्ध पंक्तियों देश हमें देता है सबकुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें को चरितार्थ करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री बांटने का केंद्र नहीं है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील होने का माध्यम भी है। शिक्षा का असली उद्देश्य तभी सार्थक है जब उसका लाभ अंतिम छोर तक और जरूरतमंद तबके तक पहुंचे।
विश्वविद्यालय का समाज के प्रति यह उत्तरदायित्व न केवल ग्रामीणों के स्वास्थ्य में सुधार लाता है, बल्कि युवाओं में सेवा की भावना भी जागृत करता है। यह भी कहा की ऐसे शिविरों के माध्यम से भविष्य में एक स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज की नींव मजबूत होती है।
इस शिविर में रोगियों को उपचार प्रदान किया गया साथ ही भविष्य के प्रति जागरूकता भी पैदा की। डॉ. नितिन शर्मा एवं उनकी टीम ने 140 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सामान्य बीमारियों के साथ-साथ जटिल समस्याओं के लिए भी उचित परामर्श दिया। शिविर में आए मरीजों के बीपी, शुगर, हिमोग्कोलोबिन आदि की जांच कर मौके पर ही दवाओं का वितरण निःशुल्क किया गया।
स्वच्छता एवं किट वितरण
व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए ग्रामीणों को सेनेटरी पेड्स, साबुन और ग्लूकोज किट वितरित किए गए, जो ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का एक बड़ा कदम है।
निरंतरता का संकल्प: स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. राजू शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय हर माह विभिन्न कच्ची बस्तियों और गांवों में ऐसे शिविर आयोजित कर अपनी सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करता है।
सामुदायिक सहयोग की मिसाल
इस आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय परिवार का समन्वय देखने को मिला। शिविर में सरपंच सुरजान गुर्जर, देवकरण गुर्जर, समाजसेवी सत्यनारायण भंसाली सहित सुंदर कुमार, मनीषा सोनी, दीपक चौधरी और सूरज जैसे स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं।



