भीलवाड़ा में हार्डवेयर की दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बस स्टैंड के पास स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कालियास गांव में भंवर सिंह चुंडावत की हार्डवेयर दुकान में अचानक आग लग गई जिसने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। आग दुकान के भीतर रखे दो गैस सिलेंडरों तक पहुंच गई जिनमें जोरदार धमाके हुए। जिससे आसपास के मकानों की दीवारें भी हिल गईं और उनमें आंशिक दरारें आ गईं। धमाकों की गूंज से ग्रामीण दहशत में आ गए।

सूत्रों ने बताया ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए निजी स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, इसी दौरान दमकलें मौके पर पहुंच गयी और करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग काबू पा लिया। सूत्रों ने बताया कि इस आग से दुकान में रखा लाखों रुपए का हार्डवेयर सामान और फर्नीचर जलकर नष्ट हो गया। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

लाखों रुपए के आभूषण और नकदी लेकर चोर फरार

भीलवाड़ा जिले के बीलिया गांव में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। बुधवार देर रात शातिर चोर मकान के पीछे बने बाड़े के रास्ते अंदर घुसे और इत्मीनान के साथ अलमारी और संदूकों के ताले चटकाकर कीमती सामान समेट कर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित रामेश्वर जाट ने बताया कि चोर उनकी पत्नी, पुत्रवधू और बेटी के करीब 10 तोला सोने के गहने और तीन किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। साथ ही घर में रखे साढ़े छह लाख रुपए भी ले गए।