श्रीगंगानगर में मंगेतर को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवक अरेस्ट

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अपनी मंगेतर को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक हेमलता शर्मा ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक रितेश उर्फ गगन ओड राजपूत (22) को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उसकी मंगेतर ने 18 दिसंबर को घर में फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी।

मंगेतर की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी बेटी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे जिससे वह गर्भवती हो गई थी और बाद में उसका गर्भपात करवाना पड़ा था।

ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति मौत

श्रीगंगानगर जिले में पाकिस्तान सीमा के निकट हिंदूमलकोट गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) पुलिस ने गुरुवार को बताया कि करीब 42 वर्षीय यह व्यक्ति हिंदूमलकोट रेलवे स्टेशन के यार्ड के पास बुधवार शाम को रेलगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर श्रीगंगानगर से जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

कुख्यात गैंगस्टर लोंरेंस बिश्नोई का गुर्गा कथित मुठभेड़ में घायल

श्रीगंगानगर में सदर थाना क्षेत्र के उद्योग विहार क्षेत्र में सूरतगढ़ बाईपास पर गुरुवार तड़के पुलिस के साथ एक कथित मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर लोंरेंस बिश्नोई का एक गुर्गा घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश संजीव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं जो श्रीगंगानगर जिले में ही पाकिस्तान सीमा पर स्थित हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। यह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई आरजू बिश्नोई के लिए रंगदारी वसूलने और रंगदारी के लिए फायरिंग करने की घटनाओं को अंजाम देता था।

इसने ऐसी श्रीगंगानगर में दो वारदातें की है और वह तड़के लगभग चार बजे वह हनुमानगढ़-सूरतगढ़ बाईपास पर जा रहा था। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम को शक हुआ और उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने कथित रूप से पुलिस पर फायरिंग कर दी। उसके द्वारा किया गया फायर पुलिस की जीप में लगा। जवाबी फायरिंग में वह गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि संजीव श्रीगंगानगर में किसी से रंगदारी वसूलने अथवा फायरिंग की कोई घटना अंजाम देने के लिए आया था। मौके पर से पुलिस को एक पिस्तौल तथा कुछ कारतूस तथा चले हुए कारतूस के खोल मिले हैं। इस संबंध में सदर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।