जयपुर। राजस्थान के बालोतरा जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी की एक यूनिट में सोमवार को अचानक आग लग जाने की घटना सामने आई हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे। इससे पहले रिफाइनरी की एक यूनिट में आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरु कर दिया। आग पर काबू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पायाा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी एवं उनकी टीमें मौके पर पहुंची है और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी में आग लगने की घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और रिफाइनरी प्रबंधन से त्वरित वार्ता कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। वर्तमान में स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रस्तावित दौरा फिलहाल स्थगित किया गया है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होने कहा कि सभी प्रदेशवासियों के आशा की प्रतीक इस रिफाइनरी का भव्य उद्घाटन शीघ्र ही प्रधानमंत्री के कर-कमलों द्वारा संपन्न होगा।
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी में आग लगने की खबर सुनकर चिंता हुई है। रिफाइनरी हम सभी राजस्थानियों के लिए गर्व करने वाली परियोजना हैं जिसका कल उद़घाटन होना हैं एसे समय पर यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने इस घटना में सभी की सलामती की प्रार्थना की।



