चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में गुरूवार शाम छह बजे तक 84.80 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले, जो अपने आप में रिकॉर्ड तोड़ मतदान है। मतदान प्रतिशत दर्शाता है कि मतदाताओं ने वोटिंग को लेकर खासे उत्साह का प्रदर्शन किया।
तमिलनाडु में एक ही चरण में चुनाव कराया गया है। राज्य की सभी 234 सीटों के लिए मतदान गुरुवार सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चला। शाम छह बजे तक मतदान केन्द्र के प्रवेश करने वाले मतदाता मतदान कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाता कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। जिससे मतदाताओं का उत्साह देखते ही बनता है।
राज्य के करुर जिले में शुरुआती शाम पांच बजे तक सबसे अधिक 92.38 प्रतिशत और कन्याकुमारी जिले में सबसे कम 75.56 प्रतिशत मतदान हुआ। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में 83.36 प्रतिशत मतदान हुआ और इसके अलावा अरियालूर जिले में 85.96 प्रतिशत, चेंगलपट्टू में 84.60, कोयम्बटूर में 84.54, कुड्डालोर में 84.85, धर्मपुरी में 90.00, डिंडिगुल में 88.51, ईरोड में 89.95, कल्लाकुरीचि में 87.50, कांचीपुरम में 87.05, कृष्णागिरि में 84.91, मदुरई में 80.41, मायिलादुथुराई में 81.60 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसके अलावा नागापट्टिनम में 85.71, नामक्कल में 87.63, पेरेम्बलूर में 85.38, पुडुकोट़टई 83.68, रामनाथपुरम में 76.55, रानीपेट में 89.13, सलेम में 90.43, शिवगंगा में 76.33, तेनकासी में 82.02, थंजावूर में 80.26, नीलगिरी में 78.70, थेनी में 71.17, तिरुवल्लूर में 83.43, थिरुवल्लूर में 83.33, थूथूकुडी में 77.56, तिरुचिरापल्ली में 85.38, तिरुनेलवेली 77.70, तिरुपथूर में 88.36, तिरुप्पुर में 88.41, तिरुवान्नामलाई 88.50, वेल्लोर में 88.30, विलुप्पुरम में 88.25 और विरुधनगर में 84.53 प्रतिशत मतदान हुआ।
राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 443 महिला उम्मीदवार हैं। राज्य में 5.67 करोड़ मतदाताओं में से 2.70 करोड़ से अधिक पुरुष, 2.89 करोड़ महिलाएं और 7,728 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। राज्य में 18-19 आयु वर्ग में कुल 12.51 लाख तथा 20-29 आयु वर्ग में 1.05 करोड़ मतदाता हैं। मतदान के बाद, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सील कर मतगणना केंद्रों के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ में रखा जाएगा, जहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ द्रविड़ मनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन और अन्नाद्रमुक-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के बीच है। इस बार अभिनय की दुनिया से राजनीति के अखाड़े में उतरे अभिनेता सी जोसफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने कुछ सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है।



