चूरू। राजस्थान में चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र में गुरुवार रात को डम्पर और बोलेरो की भिडंत के बाद बोलेरो में लगी आग से तीन युवकों की जलकर मौत हो गई जबकि अन्य 5 गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बोलेरो सवार परिवार के लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिये सिद्धमुख से पिलानी जा रहे थे, जबकि डंपर राजगढ़ की ओर जा रहा था। रात करीब 10 बजे सादुलपुर-पिलानी रोड पर थिरपाली टोल प्लाजा के पास दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। इससे बोलेरो में आग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि तीन युवकों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि बोलेरो में सवार पंकज (20), कमल (22), आनंद (20), विकास (24) और आशीष गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें किसी तरह से बोलेरो से लोगों ने निकाला। हादसे के बाद घायलों को सबसे पहले पिलानी के बिरला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए तुरंत जयपुर भेज दिया गया।
सूत्रों ने बताया भिड़ंत के बाद बोलेरो तुरंत आग की चपेट में आ गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी मदद के लिए नहीं पहुंच सके। सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे आग बुझने के बाद ही खोला जा सका। मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि डीएनए जांच के बाद ही उनकी शिनाख्त हो पाएगी।



