चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के कोतवाली निंबाहेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब के पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि गत गुरुवार को क्षेत्र के बरखेड़ा गांव के बगदीराम भील की वहीं के निवासी श्यामलाल भील एवं मोतीलाल भील ने लाठी एवं पत्थर से पीट पीटकर हत्या कर दी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने श्यामलाल भील एवं मोतीलाल भील को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंन बगदीराम भील से शराब के पैसे की मांग की। विरोध करने पर लाठी एवं पत्थर से उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने एक टन से अधिक डोडा चूरा पकड़ा
चितौड़गढ जिले के तीन थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चार अभियानाें में एक टन से अधिक डोडा चूरा बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार करते हुए दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने रविवार को बताया आपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत शनिवार रात नाकेबंदी के दौरान गंगरार, चंदेरिया एवं शम्भुपुरा थाना पुलिस ने चार अभियानों में कुल 1057 किलो 370 ग्राम डोडा चूरा और एक किलो 250 ग्राम अफीम, तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। इन मामलों में चार तस्करों को गिरफ्तार किया जबकि दो नाबालिग को निरुद्ध किया है। दो तस्कर फरार हो गए जिनकी पहचान कर तलाश जारी है।



