सूरतगढ़ में स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में पलटी, एक बालिका घायल

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक स्कूल की बाल वाहिनी अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में पलटने से एक बालिका घायल हो गई जबकि अन्य बच्चें सुरक्षित बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मानकसर-अनूपगढ़ राजकीय राजमार्ग पर सुबह करीब साढ़े सात बजे आसपास के ग्रामीण इलाकों से बच्चों को स्कूल ले जा रही टैगोर स्कूल की बाल वाहिनी अचानक बेकाबू हो गई और सड़क से काफी नीचे स्थित खेत में पलट गई।

बाल वाहिनी में उस समय कई बच्चे सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।

भाग्यवश इस घटना में सिर्फ एक बालिका को चोटें आईं, जिसे तुरंत सूरतगढ़ के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। शेष सभी बच्चे सकुशल हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बस चालक ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि बस का स्टेयरिंग अचानक ढीला हो गया जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया।

ईंट भट्ठे पर लगी आग से 500 क्विंटल जैव अपशिष्ट जलकर खाक

श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर तहसील क्षेत्र में मंगलवार तड़के आए आंधी-बारिश के दौरान एक ईंट भट्ठे पर भंडारित जैव अपशिष्ट (सरसों के गूणे) में आग लग गई। दमकल विभाग के अनुसार कालीरावण गांव में आज सुबह करीब पौने पांच बजे आग की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। भट्ठे के मालिक मनोहरसिंह ने भी आग बुझाने के लिए कई वॉटर टैंकर लगाए थे। भट्ठे पर हजारों क्विंटल जैव अपशिष्ट का भंडार था।

सूत्रों ने बताया कि सोमवार रात चली तेज आंधी और अंधड़ के दौरान कहीं से चिंगारी उड़कर अपशिष्ट के अंदर चली गई और अंदर ही अंदर आग सुलगती रही। तड़के इसने विकराल रूप ले लिया। आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे लगे। इस दौरान मोटे अनुमान से 500 क्विंटल जैव अपशिष्ट या तो जलकर राख हो गया या पानी पड़ने से खराब हो गया। हालांकि, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के अथक प्रयास से हजारों क्विंटल जैव अपशिष्ट को आग की चपेट से बचा लिया गया।