अलवर। दिल्ली की पॉश कॉलोनी में आत्महत्या करने वाले अलवर निवासी जज अमन शर्मा का रविवार सुबह आठ बजे तीजकी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
अमन शर्मा के पिता एडवोकेट प्रेम कुमार शर्मा ने मुखाग्नि दी। अमन शर्मा के परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। परिजनों ने कहा कि अमन की पत्नी ने उनके पिता का अपमान किया था और उस अपमान को सहन नहीं कर पाने की वजह से अमन ने बाथरूम में शॉल की मदद से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
अमन की बहन के ससुर राजेश ने बताया कि एक मई को रात आठ बजे अमन ने अपने पिता प्रेम प्रकाश को फोन कर कहा था कि यह उनका अंतिम कॉल है और अब जीवन जीना संभव नहीं हो रहा है।
उन्होंने बताया कि यह सुनकर प्रेम प्रकाश रात को ही दिल्ली पहुंच गए। अमन को वहां काफी जलील किया गया था और अमन के सामने उसके पिता काे अपमानित किया गया। इस घटना से आहत अमन ने दो मई दोपहर में अपने कमरे में आत्महत्या कर ली।
अमन के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली, हरियाणा एवं राजस्थान कैडर के कई वरिष्ठ जज अलवर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अमन की पोस्टिंग 2021 में हुई थी। उनकी पत्नी स्वाति एक न्यायिक अधिकारी है, और उसकी बहन एक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी है जो अभी जम्मू में तैनात है।



