भीलवाड़ा में वाल्मीकि समाज के युवक की हत्या के बाद तनाव व्याप्त

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के पंचवटी क्षेत्र में शनिवार रात वाल्मीकि समाज के युवक की हत्या के बाद तनाव व्याप्त है। इस घटना के विरोध में आज वाल्मीकि समाज के लोगों ने जिला अस्पताल के शवगृह पर जमकर प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की।

वाल्मीकि महापंचायत (संपूर्ण भारत) के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चंद नकवाल ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की नकद आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग की है।

इसके साथ ही समाज ने मांग की है कि हत्या के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करके कानून के तहत सजा-ए-मौत दी जाए। नकवाल ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक इन मांगों पर कोई अधिकृत आदेश या ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक वे शवगृह से शव नहीं उठाएंगे। फिलहाल मौके पर भारी भीड़ मौजूद है और वहां पुलिस बल तैनात है।

ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत

भीलवाड़ा के गांधीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रात में सूचना मिली थी कि संतोषी माता मंदिर के सामने पटरियों पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव एमजीएच अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है। पुलिस ने राजस्थान के सभी थानों को इस संबंध में सूचित कर दिया है।

मामूली विवाद के चलते युवक की हत्या

भीलवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को एक मामूली विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस सू्त्रों ने रविवार को बताया कि रवि उर्फ पीरू (20) रात में किसी काम से सोनी अस्पताल के पास गया था। वहां पहले दिलीप सिंह नामक युवक ने रवि को रोका और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दिलीप ने आपा खो दिया और उसने चाकू निकालकर रवि पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

पुलिस ने बताया कि रवि वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक (शहर) सज्जन सिंह और कोतवाल शिवराज गुर्जर मय जाब्ते के जिला अस्पताल पहुँचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हमलावर दिलीप सिंह को हिरासत में ले लिया। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।