भीलवाड़ा में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

0

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में सोमवार रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है इससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

बारिश का सर्वाधिक असर चंद्र शेखर आजाद पुलिया के पास देखने को मिला, जहां पुलिया के नीचे भारी जलजमाव होने के कारण रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। निकासी की व्यवस्था ठप होने से मजबूरन राहगीरों को पटरियों का सहारा लेना पड़ा। इसी दौरान पुल पर चढ़कर पटरी पार कर रही कुछ महिलाएं अचानक ट्रेन के आने की आहट और हॉर्न सुनकर बुरी तरह घबरा गईं। गनीमत रही कि समय रहते वे सुरक्षित स्थान पर हट गईं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

जलभराव के कारण शहर के करीब सभी अंडरब्रिज अब तालाब का रूप ले चुके हैं, जिससे दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई है और शहर के कई हिस्सों का संपर्क आपस में कट गया है। शहर के रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों का हाल भी बदतर है।

हरणी महादेव मार्ग स्थित सुंदरम रिसोर्ट के पास मुख्य सड़क पर भारी मात्रा में पानी जमा होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मिलन टॉकीज के बाहर सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ओवरफ्लो सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर फैलने से चारों ओर गंदगी फैल गयी है, जिससे राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।

बदइंतजामी की मार सबसे ज्यादा शहर की सब्जी मंडी में देखने को मिल रही है, जहां घुटनों तक भरे पानी और गहरे कीचड़ के बीच सब्जी विक्रेता व्यापार करने को मजबूर हैं। मंडी में फैली गंदगी और दुर्गंध के बीच आम लोगों के लिए खरीदारी करना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है। प्रशासन के जल निकासी के तमाम दावे इस पहली बड़ी बारिश में ही पूरी तरह धुलते नजर आ रहे हैं।