भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को प्रसिद्ध रामनिवास धाम के बाहर सुबह दो शातिर युवकों ने एक महिला को झांसे में लेकर उसके कीमती गहने और नकदी पार कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेली पाड़ा निवासी गोपीदेवी सिंधी रामद्वारा के दर्शन करके फुटपाथ से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रामद्वारा बाजार में उन्हें एक युवक मिला, जिसने उन्हें रोककर डराते हुए कहा कि उनके ऊपर ‘दैवीय दोष’ है, जिसके कारण घर में भारी कठिनाइयां आ रही हैं।
दोष निवारण का झांसा देकर युवक ने उनसे अंगूठी मांगी, जिससे घबराकर महिला ने अपनी अंगूठी खोलकर पर्स में रख ली। तभी वहां एक दूसरा युवक पहुंचा और पहले वाले की बातों को सही बताते हुए महिला को अपना पर्स उसे सौंपने के लिए उकसाने लगा। शातिरों के सम्मोहन और बातों के जाल में फंसकर महिला अपनी सुध-बुध खो बैठी और उसने अपना पर्स उन्हें सौंप दिया।
सूत्रों ने बताया कि ठगों ने चालाकी दिखाते हुए महिला को पर्स लेकर कुछ कदम आगे जाकर वापस मुड़कर आने को कहा। जब महिला कुछ दूर चलकर वापस लौटी, तब तक दोनों युवक मौके से रफूचक्कर हो चुके थे। लुटेरों के जाने के बाद महिला के होश उड़ गए और उसने रोते-बिलखते अपने परिचितों को सूचना दी। पीड़िता के अनुसार पर्स में उसकी सोने की अंगूठी, करीब ढाई हजार रुपये नकद, आधार कार्ड और कुछ जरूरी पर्चियां रखी थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने तुरंत शाहपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार से भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा बरामद
भीलवाड़ा के बिजौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा और हथियार बरामद करके पंजाब निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस दल ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित केसरगंज कट पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार संदिग्ध अवस्था में तेज गति से आ रही है।
पुलिस ने बताया कि जब कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली, तो उसमें 13 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 246 किलो 620 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा भरा मिला। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा कार से एक अवैध पिस्तौल, दो मैगजीन और 21 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कार चालक तकदीर सिंह (27) और उसके साथी दलजीत सिंह (37) दोनों निवासी बरनाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया है।
वृद्धा के गले से सोने की चेन छीनने का मुख्य आरोपी अरेस्ट
भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जिला विशेष दल (डीएसटी) के सहयोग से सोने की चेन लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार गठित विशेष दल ने कार्रवाई करते हुए गजानंद पटवा (40) को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी ने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि लूट की यह वारदात 24 अप्रैल 2026 को आजाद नगर क्षेत्र में हुई थी। जब 82 वर्षीय वृद्धा अपने घर के बाहर खड़ी थीं, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने मकान किराये पर लेने के बहाने उन्हें बातों में उलझाया और अचानक उनके गले से दो तोले की सोने की चेन खींचकर फरार हो गये।
लापता वृद्धा का कुंए में शव मिला
भीलवाड़ा जिले के कारोई थाना क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लापता एक वृद्ध महिला का शव सोमवार शाम को गांव के पास ही स्थित एक कुएं में मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाघपुरा निवासी मांगी देवी (65) पत्नी रामलाल ओड शनिवार से अपने घर से अचानक लापता हो गयी थी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ घंटों बाद ही, सोमवार अपराह्न करीब साढ़े चार बजे ग्रामीणों ने गांव के पास स्थित एक कुएं में महिला का शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव कुएं से बाहर निकलवाकर अस्पताल भिजवाया। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



