मुख्यमंत्री भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान भाजपा में शामिल

0

चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

यहां आयोजित कार्यक्रम में नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। ज्ञान सिंह मान के साथ बरनाला के उद्योगपति और एनआरआई बलजिंदर सिंह बरनाला तथा मंजींदर सिंह सजन खेड़ा ने भी भाजपा का दामन थामा।

संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जाखड़ ने कहा कि ये नेता बदलाव की उम्मीद से आम आदमी पार्टी में गए थे, लेकिन वहां निराशा मिलने के बाद अब भाजपा परिवार का हिस्सा बने हैं।

उन्होंने अमृतसर, बटाला, तरनतारन और लुधियाना में भाजपा कार्यालयों और कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि हर दोषी को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे किसी राजनीतिक दल नहीं, बल्कि पंजाब की जनता के प्रति जवाबदेह हैं और कानून के दायरे में रहकर काम करें। भाजपा कार्यालयों पर हमले करने से ईडी और सीबीआई की कार्रवाई नहीं रुकेगी। जहां भी भ्रष्टाचार हुआ है, वहां जांच जारी रहेगी और हर भ्रष्ट व्यक्ति को जवाब देना होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में बंगाल जैसे हालात नहीं बनने दिए जाएंगे और भाजपा कथित गुंडागर्दी तथा डराने-धमकाने की राजनीति का डटकर मुकाबला करेगी। निकाय चुनावों पर उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह तैयार है और पंजाब की जनता भी आम आदमी पार्टी के भ्रष्ट शासन को खत्म करने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि चुनावों में सरकारी मशीनरी को निष्पक्ष रहना होगा, अन्यथा पक्षपात करने वाले अधिकारियों और नेताओं को भी समय आने पर जवाब देना पड़ेगा।