भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक व्यक्ति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी गर्भवती पत्नी की पीट पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि चित्तौडग़ढ़ राजमार्ग पर स्थित बीएसएल स्टाफ कॉलोनी में निवासरत गोपीनाथ राजपूत यहां बीएसएल फैक्ट्री में मजदूरी करता था। वह अपनी 35 वर्षीय पत्नी रोली, दो मासूम बेटियों और दो बेटों के साथ फैक्ट्री की ही स्टाफ कॉलोनी में रह रहा था। रोली गर्भवती थी। गोपीसिंह को उसके चरित्र पर शक था।
रात में इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते गोपीसिंह ने रोली की बेरहमी से पिटाई की। जिससे उसका गर्भपात हो गया। देर रात जब कॉलोनी के अन्य लोगों को रोली की चीख-पुकार का पता चला, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। रोली को तड़पते देख लहूलुहान हालत में तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देर रात रोली ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल जिला अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव जिला अस्पताल के शवगृह रखवा दिया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोपीसिंह को हिरासत में ले लिया।



