भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के सुलिया गांव में शनिवार को खेत पर काम करने गई एक महिला और उसके पांच वर्षीय बच्चे की कुएं में डूबने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह संतोष देवी (27) अपने पांच वर्षीय बेटे खुशबंत सिंह रावत को लेकर खेत पर गोबर की रोड़ी डालने गई थी। उसी दौरान खेत पर बने कुएं के पास से गुजरते समय अचानक पैर फिसलने के कारण मां और बेटा दोनों कुएं में गिर गए।
घटना का पता तब चला जब गांव का ही मोट सिंह कुएं पर मोटर चालू करने के लिए पहुंचे। वहां उन्हें कुएं के पानी में मासूम बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। उसने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी तुरंत पीड़िता के पति और स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस दल और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद पहले बच्चे का शव कुएं से निकाला। इसी दौरान कुएं के भीतर महिला की चप्पल भी तैरती हुई पाई गई, जिससे महिला के भी डूबने की आशंका गहरा गई। इसके बाद कुएं में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद संतोष देवी का शव भी कुएं से बरामद कर लिया गया।



