हनुमानगढ़ : घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की पीठ में घोंपा चाकू

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के जंक्शन थाना क्षेत्र में मंगलवार को सुबह घरेलू विवाद के कारण पति ने पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
चाकू पीठ के निचले हिस्से में इतनी गहराई तक धंस गया कि उसे निकालने के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में लंबी सर्जरी करनी पड़ी। घायल महिला परमजीतकौर फिलहाल गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है, जहां चिकित्सक उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भट्टा कॉलोनी निवासी परमजीतसिंह और उसकी पत्नी परमजीतकौर के बीच लंबे समय से घरेलू कलह चल रही थी। रविवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच तेज बहस शुरू हुई। आज सुबह गुस्से में परमजीतसिंह ने चाकू उठाया और पत्नी पर कई वार कर दिये। एक वार इतना घातक था कि चाकू परमजीत कौर की पीठ में गहराई तक घुस गया और वहीं फंस गया।

उसकी चीख-पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और परमजीत कौर को बचाया। परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले गये। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत बीकानेर के पीबीएम अस्पताल भेज दिया।

पीबीएम अस्पताल में महिला की पीठ में फंसा चाकू और शरीर पर अन्य चोटों का उपचार करना शुरू किया। कई घंटों की सर्जरी के बाद चिकित्सकों ने चाकू निकाला। महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी तीन-चार चोटों के निशान हैं। उधर, पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में इस घटना का कारण घरेलू विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है। आरोपी परमजीतसिंह हमले के बाद फरार हो गया है।