भाजपा जिलाध्यक्ष के गृह नगर में ही संयम लोढ़ा ने भाजपा को घेरा, लगाए अतिक्रमण के आरोप

15
सिरोही जिले के शिवगंज में कांग्रेस के निवर्तमान पार्षदों पदाधिकारियों के साथ नगर परिषद के अधिशासी अधिकारी से मिलने पहुंचे संयम लोढ़ा।

सबगुरु न्यूज – शिवगंज। सिरोही के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा गुरुवार को अपने और भाजपा जिलाध्यक्ष के गृह नगर शिवगंज की नगर पालिका में कांग्रेस की निवर्तमान पार्षदों के साथ पहुंचे।उन्होंने सरकारी जमीनों पर भाजपाईयों द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जों पर कोई कार्रवाई नहीं करने, अवैध दुकानों के निर्माण, अनके कॉलोनी में ओपन लैंड पर कब्जे, नगर पालिका के ठीक सामने अवैध शराब की दुकान जैसे कई मुद्दों को लेकर अधिशासी अधिकारी से सवाल किए।

लोढ़ा ने अधिशासी आधिकारी को बिना पट्टे बिना अनुमति अवैध निर्माण के मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने पर कहां कि इतनी बार शिकायत मिलने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर अधिशासी अधिकारी ने कहा कि हम इस मामले में जांच करवा रहे हैं शीघ्र ही जांच पूर्ण कर कार्रवाई अमल में लग जाएगी।

लोढ़ा ने इस पूरे मामले में प्रमुख शासन सचिव रवि जैन से फोन पर बात कर शहर के प्रमुख मामलों से अवगत कराया। इस पर प्रमुख शासन सचिव रवि जैन ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए संपूर्ण मामले में तुरंत कार्यवाही करे।

उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिका के निवर्तमान पार्षद किस्तुरचंद घांची ने नगरपालिका की 3 बीघा जमीन पर अवैध रूप से हो रहे अतिक्रमण को हटाने को लेकर कलेक्टर जनसुवाई मे भी निवेदन किया था। लेकिन आज दिन तक नही हटाया गया है। कपुर सोसायटी के लोगों द्वारा ओपन लैण्ड के बगीचे पर अवैध निर्माण को लेकर भी शिकायत की गई थी मगर आज दिन तक अवैध अतिक्रमण नही हटाया गया।

निवर्तमान पार्षद जगवीरसिंह के द्वारा नेहरू बगीचे को लेकर कई बार अगवत कराया कि टॉय ट्रेन और बोटींग बन्द है। बच्चे गर्मीयो की छुट्टीयो का आन्नद लेना चाह रहे हैं मगर जब वो वहां पहुंचते है तो बन्द देखकर निराशा से लौट जाते है।

लोढ़ा ने बताया कि रिवर फ्रंट को लेकर भी शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि रिवर फ्रंट की आधी से ज्यादा घास सूख गई है और रिवर फ्रंट लगे कैमरे चोरी हो गये हैं। वहां पर सारी लाईटे बन्द हैं जो होम थिएटर लगे हुऐ थे वो भी बन्द है।

नगरअध्यक्ष हडमतसिंह मेडतिया द्वारा खजूरो को लेकर कहा कि अधिकतर खजुर सूख गई है, यदि तेज हवा मे गिरती हैं तो बडे नुकसान की संभावना है। उन्होने बताया कि शहर की अधिकतर रोड लाईटे भी बन्द है।

पार्षद राजेन्द्रसिंह राठौड ने बताया कि जो रंग रोगन का कार्य है जिसकी बीएसआर रेट 2/- थी जिसको केन्सल करके ठेका 700/- के हिसाब से दिया गया है , जिसकी जांच होनी चाहिए। सुमित्र परमार ने बताया कि गौशाला रोड पर बनाये गये तीन काम्पलेक्स के अन्दर न तो पार्किंग की सुविधा है न वाहन खडे करने की सुविधा है जिससे वाहन खडे करने मे समस्या हो रही है। जिसकी स्वीकृति निरस्त करनी चाहिए। दशरथसिंह ने बताया कि टेलिफोन एक्शन के सामने कचरे के ढेर मे दिन प्रतिदिन आग लग रही है जिससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है जिससे वहां लोगो का जीना दुशवार हो गया है।

लोढ़ा ने कहा कि डिग्गीनाड़ी का निर्माण कार्य ठेकेदार को भारी भुगतान हो जाने के बावजूद आज तक अधूरा पड़ा है। कार्य की गुणवत्ता संदिग्ध है और लापरवाही स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। यह स्थिति जनता के धन की खुली लूट का उदाहरण बन चुकी है। इसी तरह नगर के उद्यान, जो बच्चों, सुजुर्गों एवं महिलाओं के लिए विश्राम एवं मनोरंजन का स्थान होने चाहिए, आज उजाड़ और बदहाल अवस्था में पड़े हैं। न तो इनका रख-रखाव किया जा रहा है और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था है, जिससे नगर पालिका की असंवेदनशीलता उजागर होती है।

 

 

नगर की पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। प्रत्येक वार्ड एवं मोहल्ले में नगर पालिका द्वारा स्थापित पानी की टंकियों की हालत दयनीय बनी हुई है। टकियों पर लगी मोटरे लबे समय से खराब पड़ी है, इसके साथ ही नगर की नालियां, गलियां और मोहल्ले गंदगी से अटे पड़े हैं। नियमित सफाई के अभाव में संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

 

नगर के अनेक क्षेत्रों में रोड लाइटें बंद पड़ी हैं, जिसके कारण रात्रि मे आमजन स्वयं को असुरक्षित महसूस करता है। सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालयों की स्थिति अत्यंत शर्मनाक है। गंदगी और दुर्गंध के कारण वे मानव उपयोग के योग्य नहीं रह गए हैं।

 

केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में भी भारी अनियमितताएं सामने आ रही हैं। अनेक पात्र लाभार्थियों को समय पर राशि नहीं मिल पाने से गरीब परिवारों को मानसिक एवं आर्थिक पीड़ा झेलनी पड़ रही है। इसके अतिरिक नगर क्षेत्र की हर गली चौक में सैकड़ों गोमाता प्लास्टिक व गंदगी खा रही है साथ ही नगर में आवारा नंदी एवं चानों की बढ़ती संख्या के कारण महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना तक जोखिमपूर्ण हो गया है, नगर पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्तों की नसबंदी एवं उपचार हेतु नियुक्त ठेकेतार द्वारा अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन नहीं किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों द्वारा बार-बार यह देखने में आ रहा है कि कुत्तों को पकड़‌कर केवल कागजी खानापूर्ति की जा रही है, जबकि वास्तविक नसबंदी अथवा समुचित चिकित्सकीय उपचार नहीं किया जा रहा।

 

नगर के प्रमुख मार्गो, बाजार क्षेत्रों एवं आवासीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर किए गए अतिक्रमण तथा नियमों के विरुद्ध हो रहे अवैध निर्माण के कारण आमजन को भारी कठिनाइ‌यों का सामना पड़ रहा है। सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दुकानों एवं निर्माणों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है, जिससे नगर में पार्किंग की समस्या अत्यंत विकराल रूप ले चुकी है। वाहनों के अनियंत्रित आवागमन से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।

 

शिवगंज एक प्रमुख व्यापारिक नगरी है, जहाँ प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए आते हैं। पुराने नगर पालिका भवन में गोल बिल्डिंग तक ग्राहकों को सामान सहित पैदल आना-जाना पड़ता है, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है ऐसी स्थिति में यदि इस मार्ग पर ई-रिक्शा संचालन की व्यवस्था की जाए तो इससे ग्राहकों एवं व्यापारियों दोनों को लाभ मिलेगा और नगर की व्यापारिक गतिविधियों को नया संबल प्राप्त होगा।