मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में महाबलेश्वर-पोलादपुर मार्ग पर आंबेनली घाट क्षेत्र में रविवार देर रात एक कार के गहरी खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घाट क्षेत्र से गुजरते समय चालक ने कथित तौर पर कार पर से नियंत्रण खो दिया था और वाहन घाटी में करीब 800 से 900 फुट नीचे गिर गया। दुर्घटना में वाहन में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बचाव कर्मियों ने सोमवार सुबह तक खाई से पांच शव बरामद कर लिए थे। घटनास्थल पर खोज और बचाव कार्य जारी है।
राजमार्ग पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सभी मृतक सतारा जिले के निवासी थे और वे शनिवार को पिकनिक के लिए रत्नागिरी जिले के दापोली गए थे। वे रविवार देर रात सतारा लौट रहे थे, तभी आंबेनली घाट के उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
वाहन में सवार लोग घर नहीं पहुंचे, तो उनके परिजन चिंतित हो गए और उन्होंने राजमार्ग पुलिस से संपर्क किया। अधिकारियों ने पीड़ितों के मोबाइल फोन ट्रैक किये और पता लगाया कि उनका वाहन गहरी खाई में गिर गया था। महाबलेश्वर ट्रेकर्स और प्रतापगढ़ सर्च एंड रेस्क्यू टीम की सहायता से रविवार सुबह तड़के बचाव अभियान शुरू किया गया।
मृतकों की पहचान महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंके (21), रितेश राजेंद्र लोखंडे (25), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), अंश समीर चव्हाण (18), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), अनिल अभिमन्यु शिंगटे (25) और नितिन किसन नाइकोंडे (35) के रूप में हुई है।



