डीग जिले के कांस्टेबल की जयपुर में सड़क दुर्घटना में मौत

0

डीग/भरतपुर। राजस्थान में जयपुर के सांगानेर थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में डीग जिले के वीरथला गांव (बृज नगर) निवासी कांस्टेबल लोकेंद्र की मौत के बाद क्षेत्र शोक व्याप्त हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जयपुर पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल लोकेंद्र सुभाष चौक थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने एक साथी के साथ मोटर साइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान कृषि अनुसंधान केंद्र के पास उनकी मोटर साइकिल अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे लोकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव जयपुर अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

कंक्रीट बीम गिरने से तीन मजदूर घायल

डीग के बृज नगर में खेड़ली रोड पर नगर पालिका द्वारा करीब 28 लाख रुपए की लागत से बनवाए जा रहे प्रवेश द्वार की एक भारी कंक्रीट बीम के गिर जाने से तीन मजदूर घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों ने बचाव कार्य करके घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहां दो मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल भेज दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि हादसे में घायल मजदूरों की पहचान बांदीकुई निवासी अशोक सैनी, बाबू सैनी और बाबूलाल के रूप में हुई है। इनमें अशोक और बाबू की हालत गम्भीर बताई गई है।