डीजल-पेट्रोल भरे टैंकर से टकराए दो ट्रेलर, 3 घायल
अजमेर/पुष्कर। अजमेर के समीपवर्ती नेशनल हाईवे-58 (जयपुर-नागौर हाईवे) पर होकरा गांव स्थित पुलिया के पास सोमवार को तेल के टैंकर और दो ट्रेलरों के बीच भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि तीनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में तीनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टैंकर में डीजल-पेट्रोल भरे होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होकरा स्थित पुलिया पर डीजल-पेट्रोल भरे टैंकर और सामने से आ रहे दो अन्य ट्रेलर में आमने सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक उसमें फंस गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए आगे आए। हादसे में तीनों ट्रकों के ड्राइवर गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। सूचना पर पहुंची आपातकालीन सेवा और एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायल चालकों को उपचार के लिए तुरंत जवाहरलाल नेहरू अस्पताल भिजवाया।
टैंकर में पेट्रोल-डीजल होने के कारण किसी भी बड़े खतरे या विस्फोट की आशंका को देखते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। पुष्कर थाना पुलिस के साथ-साथ पुष्कर तहसीलदार इंद्रजीत सिंह चौहान भी तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। किसी भी संभावित आगजनी की घटना को रोकने के लिए फायर ब्रिगेड (दमकल) की टीमें मौके पर डट गईं।
सुरक्षा के मद्रदेनजर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और तमाशबीनों को काफी दूर खदेड़ दिया ताकि जान-माल का कोई और नुकसान न हो। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने होकरा पुलिया वाले रूट पर ट्रैफिक को रोक दिया और वाहनों को वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट कर दिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता तेल के रिसाव को रोकने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर रास्ता साफ कराने की है।



