उदयपुर इंटरसिटी में आग की अफवाह के बाद बड़ा हादसा, 4 की मौत

0

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दुखद रेल दुर्घटना में तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद कुछ यात्री ट्रेन से उतर गए और दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।

रेलवे सूत्रों के अनुसार घटना झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर उस समय हुई, जब गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अलार्म चेन पुलिंग के बाद ट्रेन रुक गई। इसी दौरान ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई, जिससे कुछ यात्री घबराकर नीचे उतर गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यात्रियों को समीपवर्ती लाइन पर तेज गति से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस का अंदाजा नहीं लग सका और चार यात्री उसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना में तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही सरकारी रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

रेलवे प्रशासन ने मृतकों की पहचान तथा उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। साथ ही घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें तथा किसी भी परिस्थिति में चलती अथवा रुकी हुई ट्रेन से बिना अनुमति नीचे न उतरें और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें।