भीलवाड़ा : घायल होने के बावजूद एएसआई ने चोर को दबोचा

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में रविवार रात चोरों ने पुलिस गश्ती दल पर हमला करके एक पुलिस कर्मी को घायल कर दिया।

थाना प्रभारी महावीर प्रसाद मीणा ने बताया कि मध्य रात्रि को एएसआई कैलाश चंद्र प्रजापत जाप्ते के साथ कोटड़ी कस्बे में रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान रात करीब डेढ़ बजे चार शातिर चोर कस्बे में स्थित श्रवण सोनी की ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे थे।

दुकान के बाहर संदिग्ध हलचल देखकर जब पुलिस का वाहन उस ओर बढ़ा, तो पुलिस को देखकर चोरों ने तुरंत मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की। इस पर मुस्तैद एएसआई कैलाश चंद्र ने फुर्ती दिखाते हुए उनका पीछा किया और एक चोर को दौड़कर दबोच लिया।

अपने साथी को पुलिस की गिरफ्त में देखकर मोटरसाइकिल पर सवार अन्य चोरों ने पुलिस दल पर गुलेल से ताबड़तोड़ पत्थर बरसाकर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों द्वारा चलाये गये पत्थरों से एक बड़ा पत्थर सीधे एएसआई कैलाश चंद्र के कान पर जाकर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके कान से भारी मात्रा में खून बहने लगा। बाद में अस्पताल ले जाने पर उनके कान पर 13 टांके आए। बदमाशों ने गुलेल से पत्थर मारकर पुलिस की सरकारी गाड़ी के शीशे भी चकनाचूर कर दिए।

गंभीर रूप से घायल होने और कान से लगातार खून बहने के बावजूद जांबाज एएसआई कैलाश चंद्र प्रजापत ने अपनी गिरफ्त में आए बदमाश को अंत तक भागने नहीं दिया। पुलिस ने मौके से चोरों की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी से कड़ाई से की गई शुरुआती पूछताछ के आधार पर फरार हुए तीन अन्य बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस का एक विशेष दल मध्य प्रदेश के नीमच क्षेत्र के लिए रवाना कर दिया गया है।