अलवर में भूमि विवाद को लेकर युवक को गोली मारी

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में बडेर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक पक्ष ने सोमवार को खेत में जुताई करने पहुंचे एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया।

घायल गजेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने खेत में जुताई करने गया था। इसी दौरान जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच उसके चाचा-ताऊ के लड़कों ने मारपीट करके उसके पैर में गोली मार दी।

गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायल को तत्काल अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर भेज दिया।

थाना प्रभारी हरदयाल सिंह ने बताया कि दो भाइयों के बीच जमीन विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।