मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी शक्ति बन रहा है : सुनील बंसल

0

कोटा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी शक्ति बन रहा है।

बंसल मंगलवार को राजस्थान में कोटा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इस कालखंड को देश उत्थान और विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वाभिमान के नवोदय का ऐतिहासिक कालखंड बताया।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विश्वास, विकास और जनकल्याण के नये आयाम स्थापित किये हैं। भारत इस दौरान विश्व की नई आर्थिक एवं समरिक शक्ति बन कर उभरा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार प्राप्त जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता ने भाजपा सरकार की नीतियों और
नेतृत्व पर अपना अटूट विश्वास जताया है। सरकार ने किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं को केंद्र में रखकर कार्य किया है, जिसका परिणाम अब देश के समग्र विकास के रूप में सामने है।

बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पहली फाइल पर हस्ताक्षर से ही सरकार ने किसान कल्याण को अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी थी। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ और नयी संसद भवन जैसे प्रयासों ने देश की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव को नई ऊर्जा प्रदान की है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा ने विश्व में भारत की साख को अभूतपूर्व ऊंचाई प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाईयों ने मजबूत नेतृत्व का परिचय दिया है, जबकि स्वच्छ भारत, हर घर तिरंगा, फिट इंडिया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों ने जनभागीदारी का नया अध्याय लिखा है।

बंसल ने कहा कि विश्वास, तेज विकास और व्यापक जनकल्याण पर आधारित यह 12 वर्षों की यात्रा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश की ऐतिहासिक उपलब्धियों का प्रमाण है और आने वाले वर्षों में भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।