भीलवाड़ा में पुष्कर के रिसॉर्ट मालिक से पाखंडी साधु सोने की अंगूठी ठगकर फरार

0

पुष्कर/भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र में पुष्कर से भीलवाड़ा आ रहे एक रिसॉर्ट मालिक से पाखंडी साधु करीब डेढ़ लाख रुपए की सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्कर निवासी और रिसॉर्ट मालिक सावित्री प्रसाद भाटी पुत्र के इलाज के सिलसिले में भीलवाड़ा के एक निजी अस्पताल आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार मांडल ओवरब्रिज के पास पहुंची, वहां खड़े एक साधु ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। कार रुकने पर भाटी ने श्रद्धावश साधु को 100 रुपये देने चाहे, लेकिन शातिर साधु ने कहा कि ‘मुझे पैसा नहीं चाहिए’ और अचानक उनकी तरफ एक फूल फेंक दिया।

पीड़ित भाटी ने बताया कि जैसे ही साधु ने उनके पास वह फूल फेंका, कार में मौजूद भाटी, उनका पुत्र और अन्य सभी लोग अपनी सुध-बुध खो बैठे। इसके बाद ठग साधु ने भाटी से उनकी पुखराज रत्न जड़ित सोने की कीमती अंगूठी मांगी, जो उन्होंने बिना सोचे-समझे अपनी उंगली से उतारकर साधु के हाथ में थमा दी।

भाटी ने बताया कि सड़क के दूसरी ओर पहले से गाड़ी खड़ी थीं, जहां तीन-चार अन्य साधु मौजूद थे। अंगूठी हाथ में आते ही सभी ठग मौके से फरार हाे गए। अंगूठी की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज करके राजमार्ग पर सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए फर्जी साधुओं के गिरोह की तलाश शुरू कर दी है।