रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच के नीचे धुआं निकलने से यात्रियों में भगदड़ मची

0

भरतपुर। राजस्थान में इंदौर से जोधपुर आ रही रणथंभौर एक्सप्रेस (12465) के जनरल कोच के नीचे लूणी-रीछा स्टेशन पर धुआं निकलने से यात्रियों में भगदड़ मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाद अफरातफरी एवं भगदड़ के बीच ख़ौफ़ज़दा यात्रियों ने दोपहर बाद ढाई बजे ट्रेन के सवाईमाधोपुर पहुंचने पर चैन की सांस ली।

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लोको पायलट द्वारा आपात ब्रेक लगाने पर कोच के नीचे से धुआं निकलने लगा। ट्रेन रुकते ही धुआं उठने एवं जलने की गंध आने पर लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया और वे जैसे तैसे ट्रेन से कूदकर भागने लगे। देखते ही देखते पांच मिनट में पूरी ट्रेन खाली हो गई।

रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत अग्निशमन यंत्र की मदद से कोच के पहिए के पास लगी आग को बुझाया। बतौर सावधानी यात्रियों को ट्रैक के दूसरी ओर जाकर खड़े होने के निर्देश दिए गए। वहीं इस दौरान ट्रैक पर आने-जाने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया। इससे कुछ देर तक रेल यातायात पर असर पड़ा।

रेलवे कर्मचारियों ने बताया कि कोच के ब्रेक जाम होने की वजह से धुआं निकला है, घबराने की बात नहीं है, लेकिन इससे यात्रियों की दहशत कम नहीं हुई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। इसी स्टेशन पर एक महीने पहले त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी के दो कोच में आग लग गई थी।