श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के साइबर थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ करीब 18 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित मुकेश कुमार ने ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई है कि पिछले दिनों किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ 17 लाख 71 हजार 480 की ठगी की है। इस व्यक्ति ने छद्म रूप से और छलकपट कर उसे ठगी का शिकार बनाया है।
पुलिस ने बताया कि यह मामला जीरो नंबर एफआईआर के रूप में साइबर ठगी संबंधी पोर्टल पर दर्ज हुआ है। तीन-चार दिन पूर्व भी इसी तरह से केवलसिंह नामक एक व्यक्ति ने किसी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कपटपूर्वक 10 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था।
साइबर पुलिस के अनुसार इस व्यक्ति से विस्तृत पूछताछ करने पर पता चला कि उसे अज्ञात ऑनलाइन शातिर ठगों ने मोबाइल कंपनी का टावर लगवाने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया था। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों की जांच चल रही है।
इंदिरा गांधी नहर में हरियाणा के युवक का शव बरामद
श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर में एक युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस सूत्रोंं ने शुक्रवार को बताया कि उसकी पहचान हरियाणा के सिरसा जिले के ऐलनाबाद थाना क्षेत्र के ममेरां गांव निवासी सोनू (32) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर की आरडी 191 पुलिया के पास लोगों ने गुरुवार को एक शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव नहर से निकलवाया। आज सुबह उसके परिजन राजियासर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि सोनू मजदूरी करता था और वह चार-पांच दिन से लापता था। वह अत्यधिक नशा भी करता था।
नहर में गिरने से महिला की मौत
श्रीगंगानगर जिले के घमूड़वाली थाना क्षेत्र में एक महिला की नहर में डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि महिला की पहचान महियांवाली निवासी निर्मला कुम्हार (43) के रूप में हुई है। वह गुरुवार को दोपहर में गंगनहर के सुलेमान की हेड के पास पैर फिसलने से नहर गिर गई थी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया। परिजनों ने किसी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है।



