राहुल गांधी के लिए हर मुद्दा एक इवेंट, जनता उन्हें गंभीरता से नहीं लेती : गजेन्द्र सिंह शेखावत

0

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश के हर महत्वपूर्ण विषय को राजनीतिक इवेंट में बदलकर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति करना चाहते हैं लेकिन देश की जनता उनकी राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है और उसे गंभीरता से नहीं लेती।

शेखावत ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में नीट-यूजी परीक्षा को लेकर श्री गांधी के कोटा दौरे और छात्रों के साथ हुए संवाद कार्यक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश के बच्चों के भविष्य, राष्ट्रीय सुरक्षा, कूटनीतिक मामलों और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर भी गांधी राजनीति करने का अवसर तलाशते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हर विषय को एक राजनीतिक आयोजन का रूप देकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश करते हैं, जबकि ऐसे संवेदनशील विषयों पर जिम्मेदार व्यवहार की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि गांधी लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती देने और उन पर सवाल खड़े करने का प्रयास करते हैं। उनका उद्देश्य जनहित नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ प्राप्त करना होता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस और श्री गांधी की राजनीति को समझ चुकी है और यही कारण है कि चुनावों में बार-बार कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिल पा रहा है।

शेखावत ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र में जनता का अंतिम निर्णय होता है और हर चुनाव में जनता कांग्रेस को उसका राजनीतिक स्थान दिखा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के बावजूद कांग्रेस आत्ममंथन करने के बजाय आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में लगी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब ऐसा प्रतीत होता है कि केवल जनता ही नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर भी कई नेता गांधी को गंभीरता से लेना बंद कर चुके हैं।

विपक्षी नेताओं द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों पर शेखावत ने कहा कि विपक्ष का धर्म ही आरोप लगाना है। कई बार राजनीतिक मजबूरियों के कारण भी विपक्ष को ऐसे आरोप लगाने पड़ते हैं। विपक्षी दल अपनी आंतरिक समस्याओं, मतभेदों और राजनीतिक संकटों का ठीकरा भी भाजपा पर फोड़ने का प्रयास करते हैं, लेकिन जनता इन आरोपों के पीछे की राजनीति को अच्छी तरह समझती है।

नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप आयोजित हो। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तकनीक और आधुनिक संसाधनों का उपयोग कर परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्वयं प्रधानमंत्री इस विषय की निगरानी कर रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न होगी।

शेखावत ने देशभर के परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे या अफवाहों में न आएं और अपनी मेहनत, ज्ञान तथा तैयारी के आधार पर परीक्षा दें। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता का आधार केवल उनकी मेहनत और लगन होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व को महत्व देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में देश के विकास, युवाओं के भविष्य और संस्थागत सुधारों के लिए जो कार्य किए हैं, उसी के आधार पर जनता लगातार भाजपा पर भरोसा जता रही है।