हनुमानगढ़ : खेत में बोरिंग करते किसान और मशीन संचालक की करंट लगने से मौत

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खेत में ट्यूबवेल के लिए बोरिंग करवा रहे एक किसान और मशीन संचालक की करंट लगने से मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मृतकों की पहचान हजारीराम बिजारणियां (45) और पवनकुमार मेघवाल (25) के रूप में हुई है जबकि विनोद मेघवाल (22) गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि पल्लू तहसील क्षेत्र के बिसरासर ग्राम पंचायत के तहत ढाणी लेघान गांव में शाम को उक्त तीनों व्यक्ति खेत में नया ट्यूबवेल लगाने के लिए मशीन से बोरिंग का काम कर रहे थे। उसी दौरान शाम करीब सात बजे खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन से बोरिंग मशीन का पाइप छू गया। इससे मशीन में करंट फैल गया और तीनों इसकी चपेट में आ गए।

उन्होंने बताया कि पवन और हजारीराम की मौके पर मौत हो गई जबकि विनोद गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पल्लू पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च स्वास्थ्यक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया।