श्रीगंगानगर में युवक को अगवा करके नहर में फेंका

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में दो गाड़ियों में आए 10 से अधिक युवकों के एक युवक को अगवा करके बुरी तरह से मारपीट करके नहर में फेंक देने की घटना सामने आई है।

पुलिस ने नहर पर पहुंचकर इस युवक को बचाया और अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना के पीछे एक लड़की के कथित अपहरण का मामला बताया जा रहा है। पुलिस ने अगवा किए गए युवक अर्जुन कुम्हार की शिकायत के आधार पर जगदीश, राकेश, संदीप, मनदीप, राजेश, रोशन और अन्य के खिलाफ अपहरण और मारपीट के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

अर्जुन ने पुलिस को बताया कि वह 18 जून की रात को अपने चाचा के घर पर था। तभी उक्त आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर आए। उन्होंने उसके चाचा की मोटरसाइकिल तोड़ दी और मारपीट करते हुए उसे जबरन अपने साथ गाड़ी में डालकर ले गए। रास्ते में उससे मारपीट करते रहे। तड़के करीब तीन तीन बजे उसे कमीनपुरा के पास नहर में फेंक दिया। तभी वहां पुलिस आ गई और उसे बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया।

पदमपुर में युवक से हेरोइन सहित बरामद

श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर में रविवार रात पुलिस ने एक युवक से हेरोइन बरामद की। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि नसीब सिंह उर्फ लवली छजगिरिया (24) के बारे में पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि वह अवैध रूप से हेरोइन बेचता है और खुद भी नशा करने का आदी है। उसे डीडी नहर के पास एक पुख्ता सूचना के आधार पर पकड़ा गया। उससे 73.57 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक वह अपने पंजाब के गांव के एक तस्कर से हेरोइन लाकर पदमपुर में नशा करने वालों को बेचता था।

सर्पदंश से किशोरी की मौत

श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में सर्पदंंश से एक किशोरी की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार चक 3-एसएचपीडी में 14 वर्षीय उषा को घर में 20 जनवरी की देर रात सोते समय जहरीले जंतु ने डस लिया। सुबह उसके मुंह से झाग निकलने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।