धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर सहकर्मी महिला के साथ दुष्कर्म करने तथा निजी फोटो और वीडियो के जरिए कथित रूप से ब्लैकमेल करने के आरोप में एक बैंककर्मी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता और आरोपी सुमित शर्मा एक निजी बैंक में कार्यरत थे तथा पिछले लगभग तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच निकटता बढ़ने के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को छोड़कर पीड़िता से विवाह करने का आश्वासन दिया। आरोप है कि इसी भरोसे पर उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बाद में उसका अपने पति से कानूनी रूप से तलाक हो गया, लेकिन आरोपी विवाह के अपने वादे से मुकर गया। उसने कथित रूप से निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला के साथ दोबारा दुष्कर्म किया तथा उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
शिकायत के अनुसार जब परिजनों ने उत्तर प्रदेश में पीड़िता का विवाह तय करने का प्रयास किया, तब आरोपी ने होने वाले ससुराल पक्ष को दोनों के निजी फोटो भेज दिए, जिसके कारण वह रिश्ता भी टूट गया।
पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले की विवेचना जारी है।



