हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर के अपहरण और हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आयुष मेघवाल का शव बुधवार देर शाम खुइयां फांटा के समीप स्थित नहर से बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित के परिजनों ने शिकायत दर्ज करायी कि आयुष को गांव के ही युवक कुलदीप मेघवाल और सोनू मेघवाल पर हत्या आयुष की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि 29 जून को दोपहर में कुलदीप ने आयुष को बुलाया।
जब आयुष काफी देर तक नहीं लौटा तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। उधर पूछताछ में कुलदीप ने बताया कि वह आयुष को गांव श्योरानी के सोनू मेघवाल के साथ जबरासर गांव छोड़कर आया था। उसके बाद उसकी कोई जानकारी नहीं है।
परिजनों ने बताया कि 29 जून को आयुष का कुलदीप और सोनू मेघवाल के साथ किसी लड़की को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों ने कुलदीप और सोनू पर आयुष का अपहरण करके हत्या करने और शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर कुलदीप मेघवाल और सोनू मेघवाल के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।



